शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर के कुछ क्षेत्रों में गुरुवार और शुक्रवार के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टानें गिरने, फ्लैश फ्लड और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।बीते दिनों हुई बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंडी-पराशर मार्ग पर चलती बस पर पत्थर गिरने की घटना के अलावा कई ग्रामीण इलाकों में सड़कें बंद होने और खड्डों में जलस्तर बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

प्रशासन ने जिला अधिकारियों और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं वाहन चालकों को पहाड़ी सड़कों पर सफर से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।उधर, सिरमौर के नाहन में गुरुवार तड़के हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली। किसानों और बागवानों ने भी इस बारिश को खरीफ फसलों और बागवानी के लिए लाभदायक बताया है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों से प्रशासन और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।