हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने पार्सल डिलीवरी के नाम पर नया जाल बिछा दिया है। ठग लोगों के मोबाइल पर संदेश भेजकर पार्सल ट्रैक करने का झांसा दे रहे हैं।

संदेश में लिखा होता है कि अधूरे पते की वजह से डिलीवरी रोकी गई है और स्थिति जानने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें। धोखेबाज़ मैसेज में बड़ी ऑनलाइन कंपनियों का नाम और लोगो भी इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि संदेश असली लगे।

स्थानीय निवासी अभिषेक, राजन और साहिल को भी ऐसे मैसेज मिले, लेकिन सूझबूझ दिखाते हुए उन्होंने लिंक पर क्लिक नहीं किया। उनका कहना है कि उन्होंने हाल ही में कोई ऑनलाइन पार्सल ऑर्डर ही नहीं किया था, जिससे उन्हें शक हुआ और वे ठगी से बच गए।

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे लिंक पर क्लिक करते ही फोन में वायरस या मालवेयर इंस्टॉल हो सकता है, जिससे बैंकिंग डाटा और निजी जानकारी अपराधियों के हाथ लग जाती है।

एएसपी साइबर क्राइम प्रवीण धीमान ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और मैसेज मिलने पर तुरंत 1930 पर संपर्क करें।