
हिमाचल प्रदेश की सिरमौर पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की परियोजना में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य अपराध रिकार्ड ब्यूरो, शिमला द्वारा संचालित क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम्स (सीसीटीएनएस) रैंकिंग में सिरमौर पुलिस ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की परियोजना है, जिसे भारत सरकार ने साल 2009 में शुरू किया था। इसका उद्देश्य पूरे देश में पुलिसिंग के लिए एक एकीकृत प्रणाली विकसित करना है, जिससे सभी स्तरों पर पुलिस की दक्षता और प्रभावशीलता में सुधार हो सके।
एसपी ने बताया कि साल की द्वितीय तिमाही में सिरमौर 35.05 अंकों से प्रथम, लाहौल-स्पीति 34.93 अंकों के साथ द्वितीय, बिलासपुर 34.34 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा है। इसके अलावा देहरा 33.53, किन्नौर 33.53 अंकों के साथ चौथे, नूरपुर 33.35 अंकों के साथ पांचवें, शिमला 33.08 अंकों के साथ छठे, चंबा 32.82 अंकों के साथ सातवें, बद्दी 32.53 अंकों के साथ आठवें, कुल्लू 32.44 अंकों के साथ नौंवे, मंडी 31.00 अंकों के साथ दसवें, हमीरपुर 30.70 अंकों के साथ 11वें, सोलन 30.11 अंकों के साथ 12वें, कांगड़ा 29.29 अंकों के साथ 13वें तथा ऊना 29.17 अंकों के साथ 14वें स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत पुलिस थानों को 3 श्रेणियों में विभाजित किया गया था, जिसमें सिरमौर पुलिस का थाना रेणुका जी अपनी श्रेणी में शीर्ष रैंकिंग में शामिल हुआ हैं। इस बड़ी उपलब्धि पर एसपी ने डीसीआरबी शाखा पुलिस अधीक्षक कार्यालय व थानों के नोडल अधिकारियों को बधाई दी है।
पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई महत्वाकांक्षी सीसीटीएनएस यानी क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम की रैंकिंग में सदर पुलिस थाना मंडी चौथी बार प्रदेश में अव्वल रहा है। शुक्रवार को एक अप्रैल से 30 जून तक दूसरी तिमाही की जारी रैंकिंग में 50 में से 33.50 अंक मिले हैं जबकि पिछली बार 33.99 अंक मिले थे। दूसरे स्थान पर भी मंडी जिले का बल्ह पुलिस थाना है। उसे 32.65 अंक प्राप्त हुए हैं। तीसरे स्थान पर सिरमौर जिले का पांवटा साहिब थाना है। उसे 32.44 अंक मिले हैं। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि अपराधियों और क्राइम डाटा बनाने में सदर थाना की महिला आरक्षी इंदिरा और शांति की कर्तव्यनिष्ठा और दूसरे मुलाजिमों के सहयोग से यह मुकाम हासिल हुआ है। सीसीटीएनएस रैंकिंग के सर्वेक्षण में थाने की स्थिति, भवन, पुलिस जवानों की तैनाती, कार्य प्रणाली, आम जनता से बर्ताव और मामलों को सुलझाने और निपटाने समेत अन्य कई स्तरों पर पड़ताल होती है। उन्होंने टीम को बधाई दी है।
