चंबा। हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अपनी कला और हुनर से नई पहचान दिलाने वाली प्रख्यात शिल्पी सराज बेगम का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से चंबा की प्रसिद्ध पारंपरिक कशीदाकारी कला को बड़ा नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार को हरदासपुर स्थित कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

पक्काटाला मोहल्ले की निवासी सराज बेगम ने अपना पूरा जीवन चंबा रुमाल की बारीक कशीदाकारी को समर्पित कर दिया था। बचपन से ही उन्हें सुई और धागे के काम में गहरी रुचि थी। इसी लगन और मेहनत ने उन्हें इस पारंपरिक कला की प्रतिष्ठित शिल्पी बना दिया।

उन्होंने अपनी दादी और राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित महेशी देवी से चंबा रुमाल की पारंपरिक कशीदाकारी का प्रशिक्षण हासिल किया था। इसके बाद उन्होंने इस कला को केवल अपने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया।

हजारों महिलाओं और युवतियों को सिखाया हुनर

सराज बेगम ने उद्योग विभाग और आईटीआई में प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने हजारों महिलाओं और युवतियों को चंबा रुमाल की बारीक कशीदाकारी का प्रशिक्षण दिया। उनका मानना था कि पारंपरिक कला केवल एक हुनर नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान भी है।

उनके हाथों से तैयार चंबा रुमाल हिमाचल की लोक परंपराओं और कलात्मक विरासत का प्रतीक बने। 86 वर्ष की आयु तक उनका इस कला से जुड़ाव उनके समर्पण को दर्शाता है।

कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से हुईं सम्मानित

कला एवं शिल्प के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सराज बेगम को कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

  • वर्ष 1983 में हिमाचल के राज्यपाल की ओर से विशेष सम्मान पुरस्कार।
  • वर्ष 1993 में पारंपरिक कला एवं शिल्प के लिए उपायुक्त की ओर से प्रशंसा पत्र।
  • वर्ष 2002 में रोटरी क्लब की ओर से उत्कृष्टता सम्मान।
  • वर्ष 2008 में सहस्त्राब्दी महोत्सव चंबा में शिल्प विद्या सम्मान।
  • वर्ष 2011 में भाषा एवं संस्कृति अकादमी की ओर से राज्यस्तरीय पुरस्कार।
  • वर्ष 2017 में गणतंत्र दिवस पर विशेष सम्मान पुरस्कार।

चंबा की सांस्कृतिक विरासत को अपूरणीय क्षति

सराज बेगम का निधन केवल एक कुशल कलाकार का जाना नहीं है, बल्कि उस पीढ़ी का विदा होना है जिसने अपने हुनर और मेहनत से चंबा रुमाल की पहचान को जीवित रखा। हजारों महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उन्होंने इस पारंपरिक कला को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उनका योगदान हिमाचल प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा और सांस्कृतिक विरासत में हमेशा याद रखा जाएगा।