हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह रोहतांग दर्रा सहित अन्य ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे कुल्लू से लेकर लाहौल तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आसमान में घने बादल छाए रहने से स्थानीय लोगों और बागवानों को अच्छी बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जगी है।

राजधानी शिमला में सुबह के समय धूप खिली रही, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया। इससे तापमान में हल्की गिरावट महसूस की गई।

आगे कैसा रहेगा मौसम? मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आगामी 27 नवंबर तक राज्य के सभी भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है, जिससे प्रदेश में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है।