कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी को शिकायत सौंपी। इसमें उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से अज्ञात लोग संदिग्ध तरीके से उनका पीछा कर रहे हैं। जोकि, भविष्य में कोई बड़ा अपराधिक षडयंत्र रच सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसका आभास उन्हें तब हुआ जब वह दो मई को वह अपने सरकारी वाहन से बालू स्थित कार्यालय से लौट रहे थे, तब कुछ अज्ञात वाहनों ने निरंतर उनका पीछा किया। इस मामले का खुलासा बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ, जिससे उनकी चिंताएं और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले चंबा से शिमला और भरमौर से लौटते समय लूना के पास रात के वक्त अज्ञात वाहनों द्वारा संदिग्ध रूप से उनका पीछा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही ये घटनाएं कोई संयोग नहीं हैं, बल्कि उनके विरुद्ध एक सुनियोजित और संगठित साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को आगाह किया है कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि एक सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति के रूप में उनके कामकाज को भी प्रभावित करने का प्रयास हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से इस पूरे मामले की तत्काल और गहन जांच करवाने की मांग की है ताकि संबंधित अज्ञात व्यक्तियों और वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। अपनी सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल उचित सुरक्षा उपाय लागू करने का भी आग्रह किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उनके पास शिकायत पहुंची है, इसकी गंभीरता से जांच की जाएगी।