शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 2,376 पदों को सृजित कर भरने की मंजूरी प्रदान की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, ग्रामीण विकास, न्यायालयों और अन्य विभागों में भर्ती से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए।

स्वास्थ्य विभाग में 1,000 रोगी मित्र और 721 डाटा एंट्री ऑपरेटर होंगे नियुक्त

कैबिनेट ने स्वास्थ्य विभाग में 1,000 रोगी मित्र नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (HMIS) को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 721 डाटा एंट्री ऑपरेटर और 561 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के पद सृजित कर भरने की मंजूरी दी गई है।

अन्य विभागों में भी निकलेंगे पद

ग्रामीण विकास विभाग में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) के 20 पद भरे जाएंगे। विभिन्न न्यायालयों में स्टेनोग्राफर ग्रेड-III के 15 पद सृजित किए जाएंगे।

कोषागार, लेखा एवं लॉटरी विभाग में जेओए आईटी के चार और मल्टी टास्क वर्कर का एक पद भरा जाएगा। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में दिव्यांगजनों के चार प्रतिशत आरक्षण कोटे के तहत विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों पर भर्ती होगी।

मेडिकल कॉलेजों में भी बढ़ेंगे पद

डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर के आठ और एसोसिएट प्रोफेसर का एक पद सृजित किया जाएगा।

कांगड़ा जिले के नूरपुर अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड विंग के संचालन के लिए 10 पद स्वीकृत किए गए हैं। सिविल अस्पताल हरिपुरधार के लिए भी आवश्यक पद भरे जाएंगे। वहीं, कोटखाई पीएचसी को नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने की मंजूरी दी गई है।

आईजीएमसी शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा और श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में जेरियाट्रिक मेडिसिन विभाग स्थापित किए जाएंगे। इनके लिए सीनियर रेजिडेंट और अन्य आवश्यक पद भी भरे जाएंगे।

इसके अलावा सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आउटसोर्स आधार पर कार्यरत परफ्यूजनिस्ट का मासिक मानदेय 25 हजार से बढ़ाकर 45 हजार रुपये करने को मंजूरी दी गई है।

पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा अब ऑफलाइन होगी

हिमाचल प्रदेश में आगामी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी। मंत्रिमंडल ने भर्ती नियम-2024 के नियम 11 में एक बार की छूट को मंजूरी दी है।

लोक सेवा आयोग को अगले छह महीने के भीतर ऑनलाइन परीक्षा आयोजित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भविष्य की परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएंगी।

बड़ोह पुलिस चौकी बनेगी थाना, 32 पद होंगे सृजित

कांगड़ा जिले की पुलिस चौकी बड़ोह को पुलिस थाने में स्तरोन्नत करने का फैसला लिया गया है। इसके संचालन के लिए 32 पद सृजित कर भरे जाएंगे। इसके साथ ही हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए नई पुलिस चौकी खोलने को भी मंजूरी दी गई है।

डाडासीबा में खुलेगा नया एसडीएम कार्यालय

कांगड़ा जिले के डाडासीबा में नया एसडीएम कार्यालय स्थापित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक पद भी सृजित कर भरे जाएंगे। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इसकी मांग उठ रही थी।

मुख्यमंत्री आवास योजना की किस्तों में बदलाव

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता की किस्तों में बदलाव किया है।

पहले लाभार्थियों को तीन किस्तों में 65 हजार, 45 हजार और 40 हजार रुपये दिए जाते थे। अब पहली किस्त 75 हजार रुपये, दूसरी किस्त 60 हजार रुपये और तीसरी किस्त 15 हजार रुपये होगी। हालांकि, कुल सहायता राशि पहले की तरह 1.50 लाख रुपये ही रहेगी।

हिमाचल सरकार अब बेचेगी अतिरिक्त कच्चा पानी

प्रदेश सरकार पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और औद्योगिक इकाइयों को अतिरिक्त कच्चा पानी बेचने के लिए एक समान राज्य नीति लागू करेगी। इसके लिए शुरुआती दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फीट निर्धारित की गई है।

इस दर को समय-समय पर थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आधार पर संशोधित किया जाएगा। हालांकि, पानी के व्यावसायिक उपयोग में प्रदेश की अपनी जरूरतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

युवाओं के लिए जरूरी जानकारी: अभी फॉर्म जारी नहीं हुए

कैबिनेट ने कुल 2,376 पदों को सृजित करने और भरने की मंजूरी दी है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि सभी पदों के आवेदन शुरू हो गए हैं। अलग-अलग पदों की शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, आवेदन की तारीख और अन्य शर्तें संबंधित विभागों की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी होने के बाद स्पष्ट होंगी।

इसलिए सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवा आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करें और अपनी तैयारी जारी रखें।