
वर्ष 2022 में विज्ञापित 467 पदों की जेबीटी भर्ती के वापस लिए जाने से अब 79 पोस्ट कोड के अन्य पदों की भर्ती पर फिलहाल असमंजस बना हुआ है। 80 पोस्ट कोड के तहत 1423 पदों को भरने के लिए वर्ष 2022 में कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से विज्ञापन जारी किया गया था। इस विज्ञापन के तहत भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए वर्तमान राज्य चयन आयोग ने सरकार से पत्राचार किया था, लेकिन सरकार से इसके लिए मंजूरी नहीं मिली है। अब प्रदेश सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने के लिए नई नीति और नया भर्ती निदेशालय भी गठित किया गया है। अब तमाम भर्ती की डिमांड यानि रिक्यूजीशन इस भर्ती निदेशालय के माध्यम से किए जाने के निर्देश हैं।
इस कड़ी में शिक्षा विभाग की मांग पर आयोग ने पिछले कल वीरवार को जेबीटी की भर्ती को वापस लिया है, लेकिन बचे हुए 79 पोस्ट कोड की भर्ती को लेकर अभी कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं। माना जा रहा है कि अब तमाम भर्तियां नई भर्ती प्रणाली से होंगी। ऐसे में बाकी बचे हुए पोस्ट कोड की भर्तियों को भी विड्रा किए जाने की संभावना है और नए सिरे से पद विज्ञापित हो सकते हैं। यह प्रक्रिया कब पूरी होगी, तीन वर्षों से हजारों अभ्यर्थी इसका इंतजार कर रहे हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ़ विक्रम महाजन का कहना है कि शिक्षा विभाग ने जेबीटी की भर्ती को विड्रा किया था। अब नई भर्ती नीति के तहत जेबीटी के 600 पदों को सरकार के निर्देशों पर विज्ञापित किया गया है। बचे हुए 79 पोस्ट कोड की भर्ती को लेकर फिलहाल कोई निर्देश नहीं मिले हैं।
