Oplus_131072

ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के इलेक्ट्रिकल विंग के जूनियर इंजीनियर (JE) को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान परवेश कुमार के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार एक ठेकेदार ने विजिलेंस ब्यूरो से शिकायत की थी कि जेई उसके कार्य का बिल पास करने के बदले 8 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।कार्रवाई के दौरान विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया।

विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।