राजधानी शिमला में दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। विक्ट्री टनल के पास सोमवार रात करीब सवा 10 बजे एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से रेलिंग टूट गई, जो फुटपाथ पर सो रहे एक परिवार पर जा गिरी। हादसे में 4 महीने के मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक टैक्सी वाहन (नंबर HP01N0561) तेज गति से गलत दिशा में आ रहा था। अचानक वाहन ने नियंत्रण खो दिया और रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग और पास का लोहे का साइनबोर्ड टूटकर नीचे सो रहे परिवार पर गिर गया।
घायल हुए लोग
इस हादसे में भेरी (22), सोना (4), विशाल (8), माया (6) और किशन (4 माह) घायल हुए हैं। सभी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के रहने वाले हैं और शिमला में गुब्बारे बेचने का काम करते हैं।
ड्राइवर गिरफ्तार, गाड़ी जब्त
कैलाश (22), जो परिवार के साथ वहीं मौजूद था, ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर तेज रफ्तार में गलत दिशा से आया था। शिकायत के आधार पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एसएचओ धर्म सेन नेगी ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है और वाहन को इम्पाउंड कर दिया गया है।
दिवाली की रात हादसे से मचा हड़कंप
इस घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पहले रिपन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को आईजीएमसी रेफर किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

