
अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान युवाओं को सेना में भर्ती करवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो कथित दलालों को मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उम्मीदवारों से पैसे लेकर चयन कराने का दावा कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों को सूचना मिली थी कि धर्मशाला में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के आसपास कुछ लोग सक्रिय हैं, जो अभ्यर्थियों को गुमराह कर फर्जी तरीके से भर्ती कराने का लालच दे रहे हैं। सूचना के आधार पर मिलिट्री इंटेलिजेंस और धर्मशाला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन (27) पुत्र बलवान सिंह निवासी गांव पिछोलिया, पोस्ट जुंडला, करनाल (हरियाणा) और शुभम (30) पुत्र रमेश निवासी गांव अपराना, पोस्ट मुनक, करनाल (हरियाणा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं को अपने झांसे में लेकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और अब तक कितने युवाओं को ठगी का शिकार बनाया गया है।
