हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के दूरवर्ती शिक्षा केंद्र (सीडीओई) से पढ़ाई महंगी हो गई है। एचपीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर समेत व्यावसायिक और डिप्लोमा कोर्स की फीस में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी है। एचपीयू प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार बढ़ी फीस प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के साथ-साथ पहले से अध्ययनरत छात्र-छात्राओं पर भी लागू होगी। सीडीओई से पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राओं को अब बीए प्रथम वर्ष की फीस 5,000 रुपये के बजाय 6,250 रुपये अदा करनी होगी।

बीकॉम प्रथम वर्ष की फीस 5,600 रुपये से बढ़कर 7,000 कर दी गई है। स्नातकोत्तर स्तर पर एमए की प्रति सेमेस्टर फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 4,375 रुपये और एमकॉम की फीस 3,800 रुपये से बढ़ाकर 4,750 रुपये कर दी गई है। पत्रकारिता एवं जनसंचार में एमए की प्रति सेमेस्टर फीस 7,600 रुपये से बढ़कर 9,500 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में एमबीए की प्रति सेमेस्टर फीस 18,500 रुपये से बढ़ाकर 23,125, योग अध्ययन डिप्लोमा की फीस 21,300 रुपये से बढ़ाकर 26,625 रुपये और टूरिस्ट गाइड डिप्लोमा की फीस 10,300 से बढ़कर 12,875 रुपये कर दी गई है।

वहीं, कंप्यूटर विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित, प्रबंधन, विधि, शिक्षा, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, कंप्यूटर अनुप्रयोग, सामाजिक विज्ञान और मानविकी से जुड़े अधिकांश कोर्स की फीस में भी बढ़ोतरी की गई है।
गौरतलब है कि एचपीयू ने सीडीओई में फीस वृद्धि ऐसे समय लागू की है, जब विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संगठन पहले से ही फीस बढ़ोतरी के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। इससे पहले मार्च 2026 में भी विवि ने वर्ष 2014 के बाद पहली बार विभिन्न विभागों की फीस में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। नई वृद्धि के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है

You missed