हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से शनिवार को 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।   परीक्षा परिणाम 83.16 फीसदी रहा है। कांगड़ा डीसी और स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन हेमराज बैरवा के साथ बोर्ड सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने परिणाम जारी किया। 10वीं के बाद 12वीं कक्षा में भी बेटियों ने परचम लहराया है।  ओवरऑल टॉप-10 मेरिट सूची में 75 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। इसमें 61 छात्राएं व 14 छात्र हैं। ऊना की महक ने टाॅप किया है। सैंट टीडीआर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल गगरेट ऊना की महक ने 97.2 फीसदी अंक लेकर पहला स्थान हासिल किया है। जबकि धौलाधार पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामनगर (धर्मशाला) की खुशी, भारती विद्यापीठ पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बैजनाथ की जाह्नवी ठाकुर व सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल रैत की अंकिता ने 96.6 फीसदी अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया है। 


मार्च में हुई परीक्षा के दौरान प्रदेश भर में 2,300 केंद्रों पर नियमित और एसओएस के 93,494 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा का आयोजन लाहौल-स्पीति और पांगी क्षेत्र को छोड़कर अन्य जिलों में 4 मार्च से हुआ था। चंबा के एक स्कूल में 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र को 10वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान खोल दिया था। इसके चलते बोर्ड ने 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा स्थगित कर दी थी, जिसका आयोजन अप्रैल में हुआ था। 

रिजल्ट जारी होने पर सबसे छात्र अमर उजाला की वेबसाइट पर सबसे पहले नतीजे देख सकते हैं। यहां क्लिक करें और पंजीकरण करें। आप हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट hpbose.org पर भी रिजल्ट देख सकते हैं। वेबसाइट पर जाने के बाद आपको होमपेज पर 12वीं रिजल्ट 2025 के लिंक पर क्लिक करना है। अब मांगी गई डिटेल्स जैसे- रोल नंबर, डेट ऑफ बर्थ आदि दर्ज कर सबमिट करें। ऐसा करते ही आपकी इंटरमीडिएट मार्कशीट स्क्रीन पर आ जाएगी। आप इसे चेक करके डाउनलोड कर लें और प्रिंट निकाल लें।