
शिमला। हिमाचल प्रदेश में महिलाओं और आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों के लिए सरकार की ओर से बड़ी राहत की तैयारी की जा रही है। इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत आठवें चरण के सत्यापन के बाद ग्रामीण विकास विभाग के पास अब तक करीब 2 लाख 41 हजार आवेदन पहुंच चुके हैं। नौवें चरण की प्रक्रिया भी जारी है और इसमें करीब 10 हजार और आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है।
ऐसे में लाभार्थियों का आंकड़ा करीब ढाई लाख महिलाओं तक पहुंच सकता है। योजना के तहत पात्र 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जानी है। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं के लिए सरकार की ओर से पेंशन की व्यवस्था की जा रही है।
2 अक्तूबर को मिल सकती हैं दो बड़ी सौगातें
प्रदेश सरकार 2 अक्तूबर यानी गांधी जयंती के दिन इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना को लागू करने की तैयारी में है। इसी दिन अति निर्धन परिवारों को 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने की योजना भी लागू किए जाने की तैयारी है।
सरकार की योजना के अनुसार करीब 1.80 लाख परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ मिल सकता है। इसके लिए पात्र परिवारों को शॉर्टलिस्ट किया जा चुका है और विभागीय स्तर पर जरूरी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
1500 रुपये सीधे बैंक खातों में
महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जानी है। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर लाभार्थियों का डाटा तैयार किया गया है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग पात्र महिलाओं के खातों में राशि भेजेगा।
सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को सीधे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें योजना का लाभ बिना किसी बिचौलिए के मिल सके।
नौवें चरण की प्रक्रिया जारी
योजना का नौवां चरण 20 सितंबर को समाप्त होगा। इसके बाद 25 सितंबर को एसडीएम स्तर पर नौवें चरण के आवेदनकर्ताओं की अधिसूचना जारी की जानी है। पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के अनुसार नौवें चरण की प्रक्रिया चल रही है और 1500 रुपये की सहायता पाने वाली महिलाओं का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
इस तरह 2 अक्तूबर को प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता और पात्र परिवारों को 300 यूनिट निशुल्क बिजली के रूप में दो बड़ी राहत मिलने की तैयारी है।
