शिमला: हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) शिमला केंद्र ने प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, मंडी, शिमला और सोलन में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं बिलासपुर और सिरमौर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।मौसम विभाग का कहना है कि 8 से 10 जुलाई के दौरान मंडी, शिमला, सोलन, सिरमौर, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी रहेगा। वहीं 12 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है।बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आंधी और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।

वहीं किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी तेज हवाएं चल सकती हैं।पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 10 सेंटीमीटर बारिश मंडी के जोगिंद्रनगर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कांगड़ा एयरपोर्ट में 7 सेमी, सैंडहोल (मंडी) में 5 सेमी, बंगाणा (ऊना) में 4 सेमी तथा पालमपुर, भरवाईं, सलूणी, सराहन, रोहड़ू और धर्मशाला में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज हुई।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, निचले क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन भरी सड़कें और यातायात बाधित होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों से दूर रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें। यात्रियों को सफर पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी जरूर लेने की सलाह दी गई है।