बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश की दो बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। कोलकाता में आयोजित 27वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में बिलासपुर की अर्चिता और श्रेया ने डबल स्कल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ियों ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीता है। इससे पहले हैदराबाद में आयोजित 26वीं सब जूनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में भी अर्चिता और श्रेया ने डबल स्कल स्पर्धा में हिमाचल के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया था।

दोनों खिलाड़ियों ने बिलासपुर के बरमाणा स्थित साई एक्सीलेंसी वाटर स्पोर्ट्स एक्सटेंशन सेंटर में रोइंग की ट्रेनिंग हासिल की है। उन्होंने कोच मोनिका और कोच संजीव सिंह के मार्गदर्शन में इस खेल की बारीकियां सीखीं और कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार अभ्यास के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई।राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते पिछले वर्ष दोनों खिलाड़ियों का चयन केरल स्थित नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) के लिए भी हुआ था। वर्तमान में दोनों वहीं रहकर उच्च स्तरीय प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं।

कोच मोनिका ने अर्चिता और श्रेया की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बिलासपुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन हुआ है।लगातार दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाली अर्चिता और श्रेया से अब भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। उनकी यह सफलता हिमाचल की उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहती हैं।