
हिमाचल प्रदेश में महंगाई का असर अब आम लोगों की रसोई पर साफ दिखाई देने लगा है। त्योहारी सीजन बीतने के बाद भी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में राहत मिलने के बजाय लगातार बढ़ोतरी हो रही है। राजधानी शिमला में पिछले 10 दिनों के भीतर सरसों तेल, रिफाइंड और राजमा के दामों में 10 रुपये प्रति किलो या लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, जीरा 60 रुपये और हल्दी के दाम 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। खाद्य वस्तुओं की कीमतों में आए इस उछाल से आम परिवारों का रसोई बजट बिगड़ने लगा है।
सरसों तेल और रिफाइंड के दामों में भी उछाल
जानकारी के अनुसार, 10 दिन पहले सरसों तेल करीब 215 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, जो अब बढ़कर 225 से 230 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, रिफाइंड तेल का 750 ग्राम का पैकेट पहले 150 रुपये में मिल रहा था, जिसकी कीमत अब बढ़कर 160 रुपये हो गई है। अन्य सरसों तेल भी बाजार में 215 से 220 रुपये तक उपलब्ध हैं।
दिवाली के बाद लोगों को उम्मीद थी कि खाद्य तेलों की कीमतों में कमी आएगी, लेकिन इस सप्ताह फिर से दाम बढ़ने से लोगों को निराशा हाथ लगी है।
जीरा 400 रुपये किलो, हल्दी के दाम भी बढ़े
खाद्य वस्तुओं में सबसे ज्यादा तेजी जीरा और हल्दी की कीमतों में देखने को मिली है। जीरे के दाम 340 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 400 रुपये पहुंच गए हैं। यानी महज 10 दिनों में जीरा 60 रुपये प्रति किलो महंगा हो गया है।
इसी तरह हल्दी के दाम भी 220 से 240 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 280 से 320 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक श्रीधर के अनुसार, स्थानीय ग्रामीण क्षेत्रों में हल्दी की फसल अभी तैयार नहीं हुई है, जिसके चलते कीमतों में 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, दक्षिणी राज्यों में जीरे की फसल कम होने के कारण इसकी सप्लाई महंगी मिल रही है।
राजमा और चीनी भी हुई महंगी
राजमा की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चित्रा लाल राजमा पहले 120 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जो अब 130 रुपये हो गया है। वहीं, चित्रा सफेद राजमा के दाम 150 से बढ़कर 160 रुपये प्रति किलो पहुंच गए हैं।
चीनी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है। कारोबारियों के अनुसार, 10 दिन पहले चीनी का थोक भाव 6,200 रुपये प्रति क्विंटल था, जो अब बढ़कर 6,800 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। खुदरा बाजार में चीनी पहले 68 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, जबकि अब इसके दाम 70 से 72 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में चीनी के दामों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
बादाम की कीमतों में मिली थोड़ी राहत
जहां अधिकतर खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़े हैं, वहीं बादाम की कीमतों में कुछ राहत मिली है। पहले बादाम 1,200 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जो अब घटकर करीब 1,000 रुपये प्रति किलो रह गया है। इसके अलावा चावल और आटे की कीमतें फिलहाल स्थिर बनी हुई हैं। अन्य दालों के दामों में भी फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
10 दिन में खाद्य वस्तुओं के नए दाम:
- सरसों तेल: 215 रुपये से बढ़कर 225-230 रुपये प्रति लीटर
- जीरा: 340 रुपये से बढ़कर 400 रुपये प्रति किलो
- चित्रा लाल राजमा: 120 रुपये से बढ़कर 130 रुपये प्रति किलो
- चित्रा सफेद राजमा: 150 रुपये से बढ़कर 160 रुपये प्रति किलो
- रिफाइंड तेल (750 ग्राम): 150 रुपये से बढ़कर 160 रुपये
- हल्दी: 220-240 रुपये से बढ़कर 280-320 रुपये प्रति किलो
- चीनी: 68-70 रुपये से बढ़कर 70-72 रुपये प्रति किलो
- बादाम: 1,200 रुपये से घटकर 1,000 रुपये प्रति किलो
कुल मिलाकर, खाद्य वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेल, मसाले, दालें और चीनी जैसी रोजमर्रा की जरूरतों के महंगे होने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। अब लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में स्थिरता आएगी और उन्हें महंगाई से कुछ राहत मिलेगी।
