
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की चैंपियन है। स्कूटर पर सेब, चमत्कारी खच्चर पर टनों की रोड़ी- रेता, स्कूटर मोटरसाइकिल पर पानी, मोटरसाइकिल से जेसीबी का काम लेना इनका ट्रेंड है। मंगलवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में बलबीर वर्मा ने कहा कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त सबूतों के आधार पर खुलाया हुआ है कि सिरमौर में रामपुर भारापुर पंचायत में स्कूटर और छोटी गाड़ियों में टनों के हिसाब से रेता, रोड़ी, गटका और सीमेंट ढोया गया। इसी के साथ फर्जी बिल बनाकर सरकारी खजाने से ठेकेदार के खाते में भुगतान भी किया गया है। वर्मा ने कहा कि एक मोटरसाइकिल पर दो फेरों में 17.80 मीट्रिक टन और दूसरी मोटरसाइकल पर दो चक्कर में आठ मीट्रिक टन रेता-रोड़ी की ढुलाई कर दी गई। इसका प्रमाण आरटीआई के माध्यम से लिए गए कागजात है। साथ ही एक 945 किलो क्षमता वाली गाड़ी में 21.70 मीट्रिक टन रोड़ी की ढुलाई कर दी गई।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार केवल यही नहीं रुका, एक ही प्रकार के दो-दो बिल एक ही ठेकेदार के नाम पर मंजूर कर दिए गए। कहा कि इसमें एक और एक और चीज देखने योग्य है कि 2022 में सीमेंट की ढुलाई 2,998 रुपये के हिसाब से की गई है और 2024 में इसी सीमेंट की ढुलाई 1,534 रुपये के हिसाब से की गई है। जहां महंगाई बढ़ रही है तो ऐसा कैसे हो सकता है कि ढुलाई के दाम कम हो गए। वर्मा ने कहा कि कुल मिलाकर यह सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी का दिए गए संरक्षण के माध्यम से हुआ भ्रष्टाचार है। कहा कि यदि इसकी एक उच्च स्तरीय जांच की जाए तो यह करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार निकलकर आएगा। वर्मा ने सरकार से मांग उठाई कि इस भ्रष्टाचार के मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया जाए जिसमें एक उच्चतम अधिकारी और न्यायाधीश सदस्य हो।
