पठानकोट-मंडी फोरलेन निर्माण के चलते लोगों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह का एक ताजा मामला विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के रैत में पेश आया है। जहां फोरलेन कंपनी की कथित लापरवाही के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है। यह व्यक्ति रात को रैत से लगभग आधा किलोमीटर दूर अपने गांव नशैहरा जा रहा था। पुलिया पार करते समय वह नीचे गिर गया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

परिजनों को सुबह उसका शव मिल पाया। यहां पर फोरलेन कंपनी ने पुलिया की भराई नहीं की थी। लोगों को आने-जाने के लिए एक फट्टे के सहारे वैकल्पिक रास्ता बनाया था। इस पर से व्यक्ति का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। मृतक की पहचान रविंद्र कुमार (52) पुत्र चानू राम निवासी गांव नशैहरा  के रूप में हुई है। शाहपुर थाना प्रभारी करतार सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।