पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार की घटनाएं पहाड़ी प्रदेश में घट रही हैं वो बेहद चिंताजनक हैं। ऐसा लग रहा है जनता का सरकार की कानून व्यवस्था से विश्वास ही उठ गया है। सरकार न तो शांति व्यवस्था कायम कर पा रही है और न शांति भंग करने वाले दोषियों को पकड़ पा रही है।

ऐसे में जो अराजकता का माहौल बना हुआ है वो हिमाचल की संस्कृति के अनुरूप नहीं है। आज से पहले हिमाचल में विस्फोट होने जैसी घटनाएं कभी नहीं हुई हैं। गत वर्ष शिमला में विस्फोट हुआ और अब नए वर्ष में पुलिस थाने के बाहर नालागढ़ में हुआ। अब जो हो रहा है वो काफी चिंताजनक है। मंडी में मीडिया से बातचीत में उन्होंने धर्मशाला में कालेज छात्रा की मौत मामले में भी उच्च स्तरीय और सही जांच करवाने की सलाह प्रदेश सरकार को दी है


जयराम ठाकुर ने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए। जब शिमला में डॉक्टर और मरीज के बीच घटनाक्रम हुआ था तो उस वक्त भी हमने सरकार को जांच करवाकर कार्रवाई करने की सलाह दी थी। इस मामले में भी हम सरकार को यही सलाह दे रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर जो तथ्य सामने आ रहे हैं उसमें सही स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। इसलिए प्रदेश सरकार को इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवानी चाहिए। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ समय से इस तरह की घटनाओं से प्रदेश शर्मसार हुआ है।