हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को दोपहर बाद 3:30 बजे से 4:00 बजे तक बादल झमाझम बरसे। करीब 30 मिनट तक शहर में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। शाम के समय शहर में मौसम फिर साफ हो गया। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में दिनभर मौसम साफ रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में 13 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान जताया है।

Trending Videos

बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 37.4, बिलासपुर में 36.1, चंबा में 34.9, सुंदरनगर-भुंतर में 34.4, मंडी में 34.3, कांगड़ा में 34.1, सोलन में 32.5, नाहन में 32.0, धर्मशाला में 31.0, मनाली में 27.5 और शिमला में 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

उधर, एक से छह सितंबर के दौरान प्रदेश में सामान्य से 66 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई। इस अवधि में 34 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है, इस वर्ष इस दौरान मात्र 11 मिलीमीटर बारिश ही हुई। मानसून सीजन के दौरान अभी सामान्य से 28 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई है। 24 जून से छह सितंबर तक प्रदेश में 826 मिलीमीटर बारिश हुई। इस अवधि में 648 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है।

इस मानसून सीजन में अब तक 408 लोगों की जान गई
इस मानसून सीजन में 24 जून से 6 सितंबर तक 408 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इनमें से 147 की सड़कों हादसों में मौत हो गई। कुल 378 घायल हुए हैं। राज्य में 2558 घर ढह हो गए हैं। 10891 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 318 दुकानों व 5669 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान  8676.79 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 164 और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई हैं।