केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भाजपा के टिकट पर 49 वर्ष की उम्र में पांचवां लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। हाईकमान ने लगातार पांचवीं बार उन पर भरोसा जताया है। साल 1998 से भाजपा का हमीरपुर संसदीय सीट पर भाजपा का कब्जा है। इससे पूर्व तीन दफा उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल इस सीट से सांसद रहे चुके है। हमीरपुर सीट राजपूत बहुल है। इस सीट पर कांग्रेस ओबीसी नेता नारायण चंद पराशर को छोड़ दें अभी तक राजपूत नेता ही सांसद रहे हैं। 14 लाख वोटर वाले इस क्षेत्र में सवा पांच लाख वोटर राजपूत जबकि तीन लाख के करीब ब्राह्वमण वोटर हैं। एससी वोटर तीन लाख से अधिक है जबकि ओबीसी वोटर भी सवा दो लाख के करीब है

अभी तक भाजपा टिकट पर यहां पर राजपूत नेताओं ने चुनाव लड़े हैं। एक बार फिर जातीय समीकरण को साधने का प्रयास भाजपा ने किया है। अनुराग ठाकुर को पांचवीं बार टिकट मिलने की अहम वजह मोदी सरकार में उनका प्रदर्शन और संसदीय क्षेत्र में शुरू की गई कई नई योजनाएं मानी जा रही हैं।  साल 2019 में मोदी सरकार के सत्ता में आने पर उन्हें जिम्मेवारी मिलने के संभावना जताई जा रही थी। उन्हें जिम्मेवारी तो मिली लेकिन पूर्ण रूप से कोई मंत्रालय नहीं मिला बल्कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री का दायित्व दिया गया। इस पद पर बेहतर कार्य करने की बदौलत मोदी कैबिनेट के विस्तार में उन्हें सूचना प्रसारण व खेल एवं युवा सेवाएं जैसे अहम मंत्रालय सौंपे गए।