भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की नई कार्यकारिणी में हिमाचल मूल का उनके अलावा कोई नेता नहीं लिया गया है। इस कार्यकारिणी में हिमाचल प्रदेश के क्षेत्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह को फिर से शामिल किया गया है।

सियासी जानकारों के अनुसार चूंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा खुद हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं, इसलिए पिछली बार की तरह ही क्षेत्रीय संतुलन को साधते हुए इस बार भी हिमाचल से इस कार्यकारिणी में किसी नेता को लेने की जरूरत महसूस नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शनिवार को 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, एक राष्ट्रीय संगठन महामंत्री, आठ राष्ट्रीय महामंत्रियों, एक राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, 13 राष्ट्रीय सचिवों, एक कोषाध्यक्ष और एक सह कोषाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है।