हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू बुधवार को शिमला जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर हैं। CM सुक्खू कुछ देर पहले ही रोहड़ू से नारकंडा पहुंचे हैं। यहां पर मुख्यमंत्री ननखड़ी, अड्डू, गाहन, खोलीघाट इत्यादि क्षेत्रों में बीते दिनों भारी बारिश से हुई तबाही देख रहे हैं। इस दौरान आपदा प्रभावितों से बात कर उनका दर्द जान रहे हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री जरोल, कोटगढ़, मधावनी में राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लेंगे और शाम 6 बजे वापस शिमला लौटेंगे। वहीं बीती शाम मुख्यमंत्री ने रोहड़ू में अधिकारियों की मीटिंग ली। इसमें उन्होंने 15 अगस्त तक रोहड़ू की सभी सड़कों को बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी बागवान का सेब सड़क बंद होने के कारण घर पर न सड़े।

रोहड़ू में मुख्यमंत्री ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बहाली के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की, जिससे बंद पड़ी सड़कों की बहाली के काम में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़कों की बहाली में बजट की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में 340 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। अकेले PWD को 155 करोड़, राजस्व को 84 करोड़, जल शक्ति विभाग को 69 करोड़ का नुकसान हुआ है।

क्षेत्र में 34 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त, जबकि 819 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। क्षेत्र में सेब के 21 हजार पौधे भी भारी बारिश से तबाह हुए है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रभावित परिवारों की आर्थिक मदद के लिए 1.09 करोड़ रुपए रिलीज कर दिए गए हैं।