स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत जिला कांगड़ा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अभियान के तहत नए निक्षय मित्र बनाने में जिला कांगड़ा प्रदेशभर में पहले स्थान पर चल रहा है। 17 सितंबर से शुरू अभियान में 24 सितंबर तक 2285 निक्षय मित्रों को जोड़ा गया है। इसमें माई युवा भारत के स्वयंसेवकों को ही शामिल किया है। वहीं, कई जिलों में यह आंकड़ा अभी 1,000 भी पास नहीं कर पाया है। ये स्वयंसेवी टीबी मरीजों को आहार किट नहीं बांटेंगे। इसका उद्देश्य केवल टीबी के साथ जी रहे लोगों का मनोबल बढ़ाना है और क्षय रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करना है।

भविष्य में टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में यह स्वंयसेवी अपना अहम योगदान देंगे। इसके अलावा टीबी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में भी सहयोग करेंगे। माई युवा भारत के अलावा रेड रिबन क्लब के सदस्यों को भी इसमें शामिल किया गया है। कांगड़ा में निक्षय मित्र बनाने में स्वास्थ्य खंड ज्वालामुखी सबसे अव्वल चल रहा है। आठ दिन में खंड के तहत 381 स्वयंसेवियों को अभियान के तहत निक्षय मित्र बनाया है। शाहपुर ब्लॉक में केवल 37 ही निक्षय मित्र बन सके हैं। इस अभियान में माई युवा भारत के क्षेत्रीय निदेशक ध्रुव डोगरा सहयोग दे रहे हैं। 

स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत माई युवा भारत के स्वयंसेवकों को निक्षय मित्र बनाने में जिला कांगड़ा प्रदेश भर में सबसे आगे चल रहा है। अभी तक 2285 स्वयंसेवियों को निक्षय मित्र बनाया है। इसका काम टीबी के साथ जी रहे लोगों का मनोबल बढ़ाना है।-डॉ. राजेश सूद, जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं टीबी उन्मूलन अधिकारी

जिला   स्वयंसेवी निक्षय मित्र
कांगड़ा    2,285
ऊना      740
मंडी     728
हमीरपुर  272
चंबा     213
शिमला  174
सोलन   156
सिरमौर   62
कुल्लू    23
किन्नौर   3
लाहौल-स्पीति 0
अन्य   36
कुल   4,694