हिमाचल प्रदेश में असिस्टेंट स्टाफ नर्स के 312 पदों को भरने के लिए कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) 4 और 5 मई को आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा राज्य चयन आयोग हमीरपुर द्वारा आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 9,664 अभ्यर्थी भाग लेंगे। इनमें 9,587 महिला और पहली बार 77 पुरुष अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

प्रदेश भर में इस परीक्षा के लिए 16 केंद्र बनाए गए हैं। उल्लेखनीय है कि पहले यह पद केवल महिलाओं के लिए था, लेकिन हाईकोर्ट के फैसले के बाद पुरुष अभ्यर्थियों को भी पात्र घोषित किया गया। इसके चलते आवेदन प्रक्रिया को दोबारा खोलते हुए 1 से 14 अप्रैल तक फॉर्म भरे गए।

अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड परीक्षा से एक सप्ताह पहले जारी किए जाएंगे। परीक्षा केंद्र की जानकारी SMS के माध्यम से भी दी जाएगी। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने अभ्यर्थियों से वेबसाइट, SMS और ईमेल के जरिए नियमित अपडेट चेक करते रहने की अपील की है।

तकनीकी विश्वविद्यालय में परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय (HPTU), हमीरपुर ने मई-जून में होने वाली नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विद्यार्थी 27 अप्रैल तक बिना विलंब शुल्क के फॉर्म भर सकते हैं, जबकि 28 अप्रैल के बाद लेट फीस देनी होगी।

विश्वविद्यालय के अनुसार, बीटेक, बी फार्मेसी, एमबीए, एमसीए, एमटेक और एम फार्मेसी सहित सभी यूजी और पीजी कोर्स की परीक्षाओं की संभावित तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।

ग्रेड सुधार का भी मौका

तकनीकी विश्वविद्यालय ने सीबीसीएस और नई शिक्षा नीति (NEP) के तहत डिग्री पूरी कर चुके छात्रों को अपनी क्लास/ग्रेड सुधारने का अवसर भी दिया है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 मई तक ऑफलाइन परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं। फॉर्म डाक या व्यक्तिगत रूप से विश्वविद्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

परीक्षाओं को सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।