हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। येलो अलर्ट के बीच शुक्रवार दोपहर को प्रदेश की राजधानी शिमला व अन्य भागों में भारी बारिश दर्ज की गई। इससे कई जगह भूस्खलन भी हुआ है। भारी बारिश से प्रदेश में नदी-नाले उफान पर हैं। शिमला में जगह-जगह जलभराव की सूचना है। कई जगह मलबा सड़कों पर आ गया। मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 व 9 जुलाई के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है

10 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 13 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। विभाग ने स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों और भूस्खलन के प्रति संवेदनशील स्थलों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी व दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। मौसम की स्थिति को देखकर की अपनी यात्रा प्लान करने की अपील की है। 

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़, भूस्खलन, कम दृश्यता, जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है। कुल्लू जिले के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं, गुरुवार रात को सोलन के कसौली में 80.0, धर्मपुर 68.0, अर्की 60.0 मंडी के पंडोह 45.0 हमीरपुर के नादौन में 33.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

किन्नौर में भूकंप के झटके
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप सुबह करीब 10:50 पर आया। इसकी  तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 आंकी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर पांच किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 16.2, सुंदरनगर 19.6, भुंतर 17.3, कल्पा 12.0, धर्मशाला 19.2, ऊना 21.0, नाहन 22.5, केलांग 9.6, पालमपुर 18.5, सोलन 19.0, मनाली 14.9, कांगड़ा 21.1, मंडी 19.7, बिलासपुर 20.0, हमीरपुर 20.9, चंबा 19.4, डलहौजी 14.1, कुफरी 14.4, नारकंडा 12.4, भरमौर 9.5, रिकांगपिओ 15.1, धौलाकुआं 25.0, बरठीं 21.6, मशोबरा 15.9, सराहन 15.5 और देहरा गोपीपुर में 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

अधिकतम तापमान
बरठीं में अधिकतम तापमान 32.8, डलहौजी 21.7, चंबा 31.1, कुकुमसेरी 22.8, केलांग 17.6, धर्मशाला 20.0, कांगड़ा 31.3, भुंतर 31.0, हमीरपुर 32.4, सुंदरनगर 32.0, बिलासपुर 32.0, कल्पा 21.0, शिमला 22.8, रिकांगपिओ 26.7, धौलाकुआं 32.2 और कुफरी में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।